11 हजार वोल्ट के जर्जर तार की चपेट में आने से पशुपालक की मौत, परिवार बेसहारा KDL News


 11 हजार वोल्ट के जर्जर तार की चपेट में आने से पशुपालक की मौत, परिवार बेसहारा 


बिजली विभाग की कथित लापरवाही से गई जान, पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया


नवादा: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के मसौढ़ा पंचायत अंतर्गत कुझा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय पशुपालक सरयुग यादव उर्फ जागो यादव की 11 हजार वोल्ट के जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे सरयुग यादव बधार में अपने मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान वे बिजली के पोल के पास झूल रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी सोनी देवी, पांच बेटियों और 10 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से पूरा परिवार गहरे संकट में आ गया है। तीन बेटियों की अभी शादी भी नहीं हुई है।


घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालांकि मुखिया प्रतिनिधि राजेश चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।


मुखिया प्रतिनिधि राजेश चौहान, जिला पार्षद देवानंद कुमार, चंदन यादव और सतीश चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा प्रशासन से पारिवारिक लाभ योजना एवं आपदा प्रबंधन कोष के तहत शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।


घटना की सूचना मिलने पर एएसआई मिथिलेश कुमार एवं एएसआई आर. कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।


ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार लंबे समय से जर्जर और झूल रहा था, जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। मुखिया प्रतिनिधि ने चेतावनी दी है कि इस मामले में बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


#Nawada #Naradiganj #ElectricShock #BiharNews #KDLNews #BreakingNews #ElectricityDepartment #Accident #JusticeForFamily

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ