नवादा में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, 3 विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध | KDL News
नवादा: वारिसलीगंज थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झौर और पैंगरी गांव में छापेमारी कर 5 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल और ग्राहकों का 5 पृष्ठ का डाटा बरामद किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य वित्तीय संस्थानों से लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। उनके पास ग्राहकों का नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित निजी डाटा मौजूद था, जिसके आधार पर वे लोगों को कॉल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में झौर गांव के प्रेमन कुमार, विनोद मांझी, विश्वकर्मा मांझी तथा पैंगरी गांव के प्रेमचंद राम और प्रशांत कुमार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रशांत कुमार के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 496/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।

0 टिप्पणियाँ