अपहरण के बाद बच्ची की हत्या मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, नवादा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
अपहरण के बाद बच्ची की हत्या मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, नवादा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नवादा: पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव में बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में नवादा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर पकरीबरावां थाना में कांड संख्या 336/26 दिनांक 27 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर एसडीपीओ, पकरीबरावां के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया, जो बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान 28 जुलाई की सुबह करीब 7:00 बजे सूचना मिली कि देवधा कॉलेज के समीप एक खेत में बच्ची का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव की पहचान कराई। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस अधीक्षक, नवादा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेजा गया।
पुलिस को मिले सटीक इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर घटना में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 27 जुलाई 2026 की रात करीब 8:00 बजे बच्ची घर के पास स्थित दुकान से पेन खरीदकर लौट रही थी। इसी दौरान उसने बच्ची का अपहरण किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने पूछताछ में दुष्कर्म करने तथा उसके बाद बच्ची की हत्या कर शव को खेत में फेंक देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रघुनंदन मांझी, पिता तेतरी मांझी, निवासी लखनपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। मृतका के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा अभियुक्त को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से जल्द से जल्द सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें