राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर नवादा में थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर नवादा में थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
नवादा, 31 जुलाई। आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को व्यवहार न्यायालय, नवादा स्थित लाइब्रेरी हॉल में जिले के सभी थाना अध्यक्षों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा के सचिव श्री अरविन्द कुमार ने की।
बैठक में विभिन्न थानों द्वारा प्रस्तुत नोटिस तामिला प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिन थानों में नोटिसों का तामिला अपेक्षाकृत कम पाया गया, उनके थाना प्रभारियों को शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सचिव श्री अरविन्द कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता समयबद्ध एवं प्रभावी नोटिस तामिला पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से अधिक से अधिक नोटिसों का तामिला कराने तथा संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी समन्वय स्थापित कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी जाए, ताकि अधिकाधिक सुलहनीय मामलों का निपटारा आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर किया जा सके। साथ ही सभी थानों को समय पर तामिला प्रतिवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय के तत्वावधान में आयोजित होने वाले समाधान समारोह से संबंधित नोटिसों के तामिला पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि पात्र पक्षकार अपने मामलों का निष्पादन समाधान समारोह के माध्यम से भी करा सकते हैं।
बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री अरविन्द कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), नवादा तथा जिले के सभी थाना अध्यक्ष एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
KDL News
Nawada News, National Lok Adalat, DLSA Nawada, NALSA, Bihar News, Court News, Legal Services, KDL News















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें