प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश
नवादा, 31 जुलाई: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और योजना के अंतर्गत लंबित ऋण (लोन) आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों, विद्युत विभाग और अधिकृत वेंडरों के साथ योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने बैंकवार प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया कि कई बैंकों ने पात्र लाभुकों के ऋण स्वीकृत कर दिए हैं, जबकि कुछ आवेदनों में तकनीकी कारणों से देरी हो रही है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बैंक, विद्युत विभाग और अधिकृत वेंडर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कर योजना का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाया जाए।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से पंजाब नेशनल बैंक और दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके स्तर पर लंबित सभी ऋण आवेदनों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
इसके अलावा, कार्यपालक अभियंता (विद्युत) नवादा एवं रजौली को निर्देश दिया गया कि बैठक में अनुपस्थित रहे बैंकों को भी लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए तत्काल पत्र भेजा जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर अद्यतन स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए।
बैठक में प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (विद्युत) नवादा एवं रजौली, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, योजना से जुड़े वेंडर तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Tags: #Nawada #PMSuryaGharYojana #SolarEnergy #FreeElectricity #DistrictMagistrate #RaviPrakash #BiharNews #KDLNews















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें