गोविंदपुर में सड़क नहीं होने से बिजली से झुलसे बुजुर्ग को खाट पर ढोना पड़ा, विकास के दावों पर उठे सवाल


 गोविंदपुर में सड़क नहीं होने से बिजली से झुलसे बुजुर्ग को खाट पर ढोना पड़ा, विकास के दावों पर उठे सवाल

नवादा: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के गेयार गांव में गुरुवार को सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। खेत में पटवन के दौरान करीब 65 वर्षीय ब्रिज किशोर यादव बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी।

मजबूर होकर ग्रामीणों ने बुजुर्ग को खाट पर लिटाया और करीब दो किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस पूरी घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के दशकों बाद भी गेयार गांव पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर सड़क बनी होती तो एंबुलेंस सीधे गांव पहुंच सकती थी और घायल को खाट पर ढोने की नौबत नहीं आती। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग दोहराई है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं कब पहुंचेंगी और ऐसी परिस्थितियों की जिम्मेदारी कौन लेगा?


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ