रजौली: फुलवरिया डैम मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया का एसडीओ ने किया निरीक्षण, आज रात तक आवागमन बहाल करने के निर्देश
रजौली | KDL News
रजौली प्रखंड के हरदिया पंचायत स्थित फुलवरिया डैम जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त हुई पुरानी पुलिया का शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) स्वतंत्र कुमार सुमन ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त स्थल का जायजा लिया और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए तत्काल मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एसडीओ ने बताया कि सिंचाई प्रमंडल, रजौली एवं रेलवे विभाग के समन्वय से क्षतिग्रस्त स्थल पर ह्यूम पाइप लगाकर आज रात तक आवागमन बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को भी आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराते हुए बहुउद्देशीय नल-जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आम लोगों को जल्द राहत मिलेगी और सड़क तथा पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सामान्य कर दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ