शेखपुरा में छात्रा से दुष्कर्म मामले में न्याय की मांग, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की उठी आवाज
शेखपुरा: जिले के चेवाड़ा प्रखंड स्थित करंडे थाना क्षेत्र में परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में आरोपी अजय यादव के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता और उसकी मां जब करंडे थाना पहुंचीं तो तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। दोनों को पूरी रात थाने में बैठाए रखा गया तथा डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया। बाद में ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक (SP) और जिलाधिकारी (DM) से शिकायत किए जाने के बाद एफआईआर दर्ज की गई।
मामले को लेकर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि थाना प्रभारी निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय लीपा-पोती में लगे हुए हैं। इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), शेखपुरा जिला इकाई ने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष करने का भरोसा जताया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हैं।
KDL News

0 टिप्पणियाँ