ग्रामीण चिकित्सक पिता का दर्द बना बेटे की ताकत, नवादा के प्रशांत राज ने पहले ही प्रयास में पास की NEET UG 2026 परीक्षा


 ग्रामीण चिकित्सक पिता का दर्द बना बेटे की ताकत, नवादा के प्रशांत राज ने पहले ही प्रयास में पास की NEET UG 2026 परीक्षा

नवादा: नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरेना गांव के रहने वाले प्रशांत राज ने अपने पहले ही प्रयास में NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3017, EWS श्रेणी में 268वीं रैंक तथा 634 अंक प्राप्त किए हैं।

प्रशांत की सफलता के पीछे एक भावुक और प्रेरणादायक कहानी छिपी है। उनके पिता समीर कुमार वर्षों से ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में अपने क्षेत्र के लोगों का प्राथमिक उपचार करते रहे हैं। दिन-रात लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने और सेवा करने के बावजूद मेडिकल डिग्री नहीं होने के कारण उन्हें अक्सर तानों और उपेक्षा का सामना करना पड़ता था।

पिता का यही दर्द प्रशांत के जीवन का संकल्प बन गया। उन्होंने बचपन में ही डॉक्टर बनने का सपना देखा और ठान लिया कि एक दिन अपने पिता का सम्मान वापस दिलाकर रहेंगे। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशांत ने कोटा में रहकर कड़ी मेहनत की, अनगिनत रातों की नींद कुर्बान की और पूरे समर्पण के साथ तैयारी में जुटे रहे।

उनकी मेहनत रंग लाई और पहले ही प्रयास में NEET UG 2026 में शानदार सफलता प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया, बल्कि अपनी उपलब्धि से उन सभी तानों का भी जवाब दे दिया जो वर्षों से उनके पिता को सुनने पड़े थे।

प्रशांत राज की यह सफलता नवादा ही नहीं, बल्कि उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ