नवादा में युवक की संदिग्ध मौत, 11 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया; दूध बेचकर चलाता था परिवार
नवादा में युवक की संदिग्ध मौत, 11 वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया; दूध बेचकर चलाता था परिवार
नवादा: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कहुआरा पंचायत के कहुआरा डीह गांव में मंगलवार की सुबह घर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुकेश सिंह, पिता जड्डू सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने पड़ोसी पर लोहे की रॉड से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
दूध बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था मुकेश
परिजनों के अनुसार, मुकेश सिंह दूध का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पास दो गाय और दो बछड़े थे। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।मृतक के 11 वर्षीय बेटे आयुष ने बताया कि सोमवार शाम उसके पिता भोज में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। आरोप है कि पड़ोसी उन्हें अपने घर बुलाकर ले गया, जहां लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें घर के पास पहुंचा दिया गया।
परिजनों के अनुसार, मुकेश के शरीर पर चोट और खून के निशान मिले, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
नल-जल के पानी को लेकर विवाद का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नल-जल के पानी को लेकर हुए विवाद के बाद मुकेश के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पांच-छह लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।
हालांकि, घटना का वास्तविक कारण क्या था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
11 वर्षीय बेटे के सामने परिवार का बड़ा संकट
मुकेश के बड़े बेटे आयुष की उम्र करीब 11 वर्ष है, जबकि छोटा बेटा पीयूष करीब चार वर्ष का है और वह रांची में अपने चाचा के साथ रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की पत्नी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में मुकेश की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
बताया जाता है कि मुकेश ने अपनी जमीन बेचकर घर बनाया था। अब परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं होने के कारण बच्चों और परिवार के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मदद के लिए लगाई गई थी गुहार
परिजनों का आरोप है कि जब मुकेश के साथ मारपीट की जा रही थी, उस दौरान उनका 11 वर्षीय बेटा आयुष और उसकी मां ग्रामीणों से मदद की गुहार लगा रहे थे। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं, सोमवार को 112 पुलिस के मौके पर पहुंचने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
आरोपी पक्ष के घर में ताला, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आरोपी बताए जा रहे पक्ष के घर में ताला लगा हुआ है और परिवार के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर नारदीगंज थाने के एडिशनल एसएचओ अभिषेक कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता की मौत के बाद रो रहा 11 वर्षीय आयुष
पिता की मौत के बाद 11 वर्षीय आयुष का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य चले जाने से बच्चों के सामने जीवन-यापन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें