जिला स्तरीय जनसुनवाई में 14 परिवाद दर्ज, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन
जिला स्तरीय जनसुनवाई में 14 परिवाद दर्ज, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन
नवादा। बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के तहत आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर समाहर्ता, नवादा श्री मनोज कुमार ने की।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने कुल 14 परिवाद दर्ज कराए। अपर समाहर्ता ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया। वहीं, शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के हैवतपुर गांव के सुनील रविदास ने नाली निर्माण, कौआकोल थाना क्षेत्र के जोगाचक गांव के जयप्रकाश यादव ने ट्रांसफार्मर स्थापित करने, रोह थाना क्षेत्र के मरूई टोला के अर्जुन यादव ने भूमि विवाद तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माधो बिगहा की माधुरी देवी ने जमीन की राशि के भुगतान से संबंधित आवेदन दिया।
इसके अलावा अन्य परिवादियों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय, नवादा में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
KDL News














टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें