नवादा: ‘डायन’ बताकर महिला को चिता के पास ले गए लोग, पुलिस ने समय पर पहुंचाकर बचाई जान
नवादा: ‘डायन’ बताकर महिला को चिता के पास ले गए लोग, पुलिस ने समय पर पहुंचाकर बचाई जान
सिरदला: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के बढही बीघा गांव में सोमवार शाम अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया। आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान एक महिला को ‘डायन’ बताकर श्मशान घाट लाया गया और उसके साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया। माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।
विवाद के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी
जानकारी के अनुसार, गांव के मनोज मांझी और अजय मांझी की पत्नी के बीच कुछ दिन पहले किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी।
इसके अगले दिन अजय मांझी की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। करीब दो दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतका के पीछे दो छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं।
अंतिम संस्कार के दौरान बिगड़ा माहौल
सोमवार को परिजन और ग्रामीण शव का अंतिम संस्कार करने गांव के पास स्थित श्मशान घाट पहुंचे। इसी दौरान मनोज मांझी की पत्नी सावित्री देवी को भी घाट पर बुलाया गया।
आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने सावित्री देवी पर मृतका की मौत के लिए जिम्मेदार होने और ‘डायन’ होने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर महिला को चिता के पास ले जाकर जलाने की तैयारी की जाने लगी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया
घटना की सूचना मिलते ही सिरदला थाना के निर्देश पर डायल-112 की टीम सिपाही महफूज आलम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के बीच फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद एएसआई मुकेश कुमार, प्रियेश कुमार विद्यार्थी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और महिला को थाने ले आए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बढही बीघा गांव के कई महिला-पुरुष भी थाने पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष थाना पहुंचे हैं और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि श्मशान घाट पर घटनाक्रम किस तरह बढ़ा और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे।
घटना का वीडियो भी सामने आया
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। गांव के एक युवक और कुछ ग्रामीणों ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह वीडियो उपलब्ध कराया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की तत्परता से महिला को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें