पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव पर कथित हमले के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च, अमित शाह व रेखा गुप्ता का पुतला दहन
पूर्णिया: दिल्ली में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेताओं और सांसद समर्थकों ने पूर्णिया में आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च सांसद कार्यालय अर्जुन भवन से शुरू होकर शहर के आर.एन. साह चौक तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अफरोज आलम और सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत ने किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने तथा असहमति व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव हमेशा समाज के सभी वर्गों, साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते रहे हैं तथा उन्होंने केवल साधु के वेश में अपराध करने वालों के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसका गलत अर्थ निकालकर उनके खिलाफ माहौल बनाया गया।
सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे गंभीर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद पर हमला एक साजिश के तहत कराया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवा किसी एक दल की जागीर नहीं है और सच्चे सनातनी सभी धर्म और परंपराओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने दिल्ली सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय से मांग की कि राजधानी में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अनुश्रवण अध्यक्ष संजय सिंह और इस्राइल आजाद ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
इस अवसर पर नगर सांसद प्रतिनिधि वैश खान, पूर्व प्रमुख मो. इरफान, सुडु यादव, आफताब आलम, मंटू यादव, अशोक दास, अरुण यादव, दीपांकर चटर्जी, कौशल यादव, डॉ. जावेद, जहांगीर आलम, सुमित यादव, मोहम्मद बदरुल, सयुब आलम, नितेश गुप्ता, मोहम्मद मुमताज, विक्रम पासवान, करण यादव, राजकिशोर राय, प्रेमकिशोर सिंह, पवन यादव, डबलू खान, प्रो. सुधीर यादव, परवीन यादव, विनय, आलोक अकेला, गोपाल सिंह, रंजीत उर्फ चुन्ना, पप्पू कुमार, अरविंद साह, पप्पू यादव (सरपंच), सोनू यादव, मुमताज समिति, मिट्ठू बाबू, मो. खुर्शीद, मो. मोफीज, मो. मल्लिकवसी अहमद, राजू आलम, ई. सुनील यादव, अभिषेक आनंद और संगम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप संबंधित नेताओं के बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें