नवादा सदर अस्पताल में एक घंटे से गुल बिजली, गर्मी और अंधेरे में जूझते रहे मरीज
नवादा सदर अस्पताल में एक घंटे से गुल बिजली, गर्मी और अंधेरे में जूझते रहे मरीज
इमरजेंसी में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में इलाज, डॉक्टरों को भी हुई परेशानी
नवादा: नवादा सदर अस्पताल के इमरजेंसी और सर्जिकल वार्ड में शनिवार को एक घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने के कारण वार्ड में गर्मी और उमस बढ़ गई, वहीं अंधेरे के कारण इलाज में भी दिक्कतें सामने आईं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में मरीजों की जांच करते हुए देखा जा रहा है, जबकि परिजन मोबाइल की रोशनी से मदद करते नजर आए।
भीषण गर्मी से परेशान कई तीमारदारों ने अपने स्तर पर पंखे की व्यवस्था की। वहीं, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर भी गर्मी के कारण वार्ड के अंदर बैठने के बजाय बाहर से ही मरीजों की जांच करते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। बिजली की समस्या के अलावा शौचालयों की खराब स्थिति और साफ-सफाई की कमी भी मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
इस संबंध में सदर अस्पताल के प्रबंधक कुमार अधिक ने बताया कि बिजली कनेक्शन में खराबी आई थी, जिसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें