नवादा प्रशासन का NH-20 पर यातायात नियमों को लेकर चला विशेष जांच अभियान, 13 वाहनों से ₹27,500 जुर्माना वसूला
नवादा प्रशासन का NH-20 पर यातायात नियमों को लेकर चला विशेष जांच अभियान, 13 वाहनों से ₹27,500 जुर्माना वसूला
नवादा, 03 अगस्त 2026:
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार नवादा शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को एनएच-20 और शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने किया।
इस दौरान सद्भावना चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर बड़ी बसों, ट्रकों तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग की सघन जांच की गई। अभियान में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अभियंता भी मौजूद रहे।
एनएच-20 और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग की जांच
जांच के दौरान एनएच-20, सर्विस रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध वाहन पार्किंग का निरीक्षण किया गया। बस, टेम्पो और टोटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और परिचालन करने के लिए जागरूक किया गया।
13 वाहनों पर कार्रवाई, ₹27,500 का जुर्माना
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा 8 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹19,000 का चालान किया गया। वहीं पूरी जांच टीम ने कुल 13 वाहनों से ₹27,500 की शमन राशि वसूल की।
अवैध बस पार्किंग पर भी प्रशासन की कार्रवाई
शहीद भगत सिंह चौक के समीप जिला परिषद की खाली पड़ी भूमि पर संचालित अवैध बस पार्किंग और बस परिचालन के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस दौरान दो वाहनों से शमन राशि वसूली गई तथा सभी वाहन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बसों की पार्किंग और परिचालन केवल निर्धारित बस पड़ाव से ही किया जाए।
अगस्त में चलेगा विशेष जांच अभियान
जिला प्रशासन ने बताया कि एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियमित वाहन परिचालन के खिलाफ विशेष अभियान अगस्त माह में भी जारी रहेगा।
अभियान की तिथियां इस प्रकार हैं:
- 05 अगस्त से 11 अगस्त 2026: मस्तानगंज से खरांट मोड़
- 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026: रामदेव मोड़ से मस्तानगंज
- 22 अगस्त से 25 अगस्त 2026: हरदिया से रामदेव मोड़
इन अभियानों के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
नवादा जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें