हिसुआ छात्र हत्याकांड: मृतक के परिजनों से मिले कौशल यादव, बोले- कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल
हिसुआ छात्र हत्याकांड: मृतक के परिजनों से मिले कौशल यादव, बोले- कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल
नवादा: नवादा जिले के हिसुआ में टीएस कॉलेज के पास हुए चर्चित छात्र हत्याकांड के बाद सियासत और प्रशासन दोनों हरकत में हैं। सोमवार को बाइक सटने और कॉलेज में सीट विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए गए छात्र पीयूष कुमार उर्फ प्रणय कुमार (22 वर्ष) के घर शुक्रवार को राजद नेता एवं पूर्व विधायक कौशल यादव अपने समर्थकों के साथ पहुंचे।
कौशल यादव ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित पिता मनीष भारती, चाचा एवं वरिष्ठ पत्रकार उदय भारती सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
कौशल यादव ने कहा- यह कानून व्यवस्था पर सवाल
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कौशल यादव ने कहा कि हिसुआ जैसे शांत इलाके में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक छात्र की हत्या बेहद निंदनीय और भयावह घटना है।
उन्होंने कहा, “पीयूष कुमार एक होनहार छात्र था। जिस तरह 10-15 की संख्या में बदमाश दो कार और एक बुलेट बाइक से पांचूगढ़/चंद्रवंशी मोहल्ले में पहुंचे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए, यह पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है।”
कौशल यादव ने पुलिस से मांग की कि सभी आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और स्पीडी ट्रायल के तहत दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि 1 सितंबर को हिसुआ के टीएस कॉलेज गेट के पास पीयूष कुमार एडमिशन के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक एक कार से सट गई, जिसे लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और पीछा करते हुए पांचूगढ़ मोहल्ले में पीयूष के घर के पास पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान पीयूष की पीठ में गोली मार दी गई। परिजन उसे इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नवादा-गया और हिसुआ-राजगीर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। इस दौरान आरोपियों की कार और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक कार और एक बुलेट बाइक जब्त की है।
इससे पहले मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और नवादा एसपी अभिनव धीमान ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर तीन दिन में मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया था। वहीं, परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल हिसुआ थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है और लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
📰 KDL News
सच की खबर, सबसे पहले















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें