अंतरराष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर नवादा लौटे पवन राज, हुआ भव्य स्वागत
नवादा: नवादा जिले के चुटकिया बीघा निवासी युवा रग्बी खिलाड़ी पवन राज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर नवादा और बिहार का नाम रोशन किया है। एशियाई अंडर-18 रग्बी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा बनने के बाद नवादा लौटने पर कीर्ति डिफेंस अकादमी की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
नवादा पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने पवन राज का गर्मजोशी से स्वागत किया। मिर्जापुर मैदान में आयोजित समारोह में उनकी संघर्षपूर्ण खेल यात्रा और उपलब्धियों को साझा किया गया।
कार्यक्रम में कीर्ति डिफेंस अकादमी के संचालक कीर्ति रंजन ने कहा कि पवन राज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर पूरे नवादा और बिहार को गौरवान्वित किया है।
वहीं, कोच विक्रम कुमार ने बताया कि किसान परिवार से आने वाले पवन राज ने नियमित अभ्यास, कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन
जिला रग्बी संघ के अनुसार, पवन राज राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और गोल्ड मेडल समेत कई उपलब्धियां अपने नाम कर चुके हैं। उनकी ट्रेनिंग नवादा स्थित कीर्ति डिफेंस अकादमी में हुई, जहां रग्बी के साथ-साथ अन्य खेलों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है।
सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने पवन राज को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। उनकी सफलता नवादा के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।
नवादा में रग्बी को मिली नई पहचान
पवन राज की इस उपलब्धि से नवादा में रग्बी खेल को नई पहचान मिली है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि पवन राज आने वाले समय में भी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए देश, बिहार और नवादा का नाम और ऊंचा करेंगे।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें