नवादा में युवक की हत्या से सनसनी, परिजनों से मिलने पहुंचे राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव और श्रवण कुशवाहा
नवादा में युवक की हत्या से सनसनी, परिजनों से मिलने पहुंचे राजद जिलाध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रत्याशी
नवादा। जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचू गढ़ निवासी प्रणय कुमार उर्फ पीयूष की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्याकांड को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। इसी बीच पीड़ित परिवार से मिलने के लिए राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा उनके आवास पर पहुंचे।
दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान परिजनों ने नेताओं को हत्याकांड से जुड़ी पूरी जानकारी दी और न्याय की मांग रखी।
मुलाकात के बाद राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने जिला प्रशासन से हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पूर्व सांसद प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है और लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
गौरतलब है कि प्रणय कुमार उर्फ पीयूष की हत्या के बाद से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें