नवादा में जनसुनवाई के दौरान 30 परिवाद प्राप्त, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
नवादा। बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के तहत आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की जा रही है।
इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 30 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचगांवा निवासी संत शरण ने नल-जल योजना, कादिरगंज थाना क्षेत्र के मंगूरा निवासी मुनेश्वरी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, नारदीगंज थाना क्षेत्र के भदौर निवासी अनंत कुमार ने भूमि विवाद तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोन्दापुर निवासी संतानु राज ने नाला सफाई से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा अन्य लोगों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें डीएम के समक्ष रखीं।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास जांच एवं कार्रवाई के लिए भेजा गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
अनुमंडल कार्यालय में भी हुई जनसुनवाई
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय, नवादा में भी जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें आमजनों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर अमित अनुराग के समक्ष रखीं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्राप्त मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।














