पीड़ित परिवार से मिल विधायक मोहम्मद कामरान ने जताई संवेदना
फोटो कैप्शन: मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना देते विधायक मोहम्मद कामरान।
निजी तौर पर 10 हजार रुपये की मदद, पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक भी दिया
नवादा: पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के बन्दैली खुर्द निवासी वाहन चालक सत्येंद्र यादव की अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई हत्या के बाद मंगलवार को स्थानीय विधायक मोहम्मद कामरान मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक मोहम्मद कामरान ने अपने निजी सहयोग से मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, बीडीओ के माध्यम से उपलब्ध कराई गई पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक भी परिवार को सौंपा गया।
विधायक मोहम्मद कामरान ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। सत्येंद्र यादव की हत्या इसका दुखद उदाहरण है। उन्होंने घटना पर गहरा शोक और रोष व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
गुटखा लेने के दौरान अपराधियों ने मारी गोली
बताया जाता है कि कौआकोल थाना क्षेत्र के बन्दैली खुर्द गांव निवासी भुनेश्वर यादव के 40 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र यादव स्कॉर्पियो चालक थे। रविवार को वह कौआकोल से एक सवारी को पटना छोड़ने गए थे। सवारी को छोड़ने के बाद वह स्कॉर्पियो से वापस कौआकोल लौट रहे थे।
फतुहा के पास पीहू रेस्टोरेंट के निकट उन्होंने स्कॉर्पियो रोकी और गुटखा लेने के लिए नीचे उतरे। गुटखा लेकर वापस लौटने के दौरान तीन की संख्या में मौजूद अपराधियों ने उनसे गाड़ी की चाबी छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान अपराधियों ने सत्येंद्र यादव के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए।
मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर फतुहा पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
#Nawada #Kauakol #MohammadKamran #SatyendraYadav #Fatuha #CrimeNews #NawadaNews #BiharNews #KDLNews















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें