खनवां के स्कूल परिसर से मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, गमछे से गला घोंटकर हत्या
नवादा: जिले के नरहट थाना क्षेत्र के खनवां गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 17 वर्षीय किशोर का शव गांव के एक स्कूल परिसर से बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोर की गमछे से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान खनवां निवासी विनोद कुमार के 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।
स्कूल परिसर में मिला शव
ग्रामीणों ने सुबह गांव स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, मदनपुर के परिसर में किशोर का शव देखा। इसके बाद तत्काल परिजनों और नरहट थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।
सभी पहलुओं से जांच जारी
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
KDL News इस मामले से जुड़ी हर महत्वपूर्ण अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें