सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान के तहत नवादा जिले में जनसुनवाई, 38 शिकायतों पर हुई सुनवाई
नवादा: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के कार्यालयों में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शम्भू शरण पाण्डेय ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 38 शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान माधुरी कुमारी ने बिजली बिल में सुधार, नितीश कुमार ने चापाकल स्थापना, सुमित कुमार ने जन्म प्रमाण-पत्र निर्गत कराने तथा सोनू कुमार यादव ने अतिक्रमण से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े कई अन्य मामलों पर भी सुनवाई की गई।
जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शम्भू शरण पाण्डेय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल सहित जिले के सभी ग्राम पंचायतों, थानों, अंचलों, प्रखंडों एवं अन्य सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई आयोजित की गई, जहां आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
#Nawada #NawadaNews #JanSunwai #SabkaSammanJeevanAasaan #BiharGovernment #PublicGrievance #RaviPrakash #BiharNews #GoodGovernance #KDLNews #BreakingNews #Bihar #जनसुनवाई #नवादा #लोकशिकायत

0 टिप्पणियाँ