नवादा में आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रहे 4 लोगों की मौत, 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं


 नवादा में आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रहे 4 लोगों की मौत, 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं


नारदीगंज के सांगोवर गांव में दर्दनाक हादसा, मृतकों में 3 किसान और एक 12 वर्षीय बच्चा शामिल


नवादा: जिले के नारदीगंज प्रखंड के सांगोवर गांव में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनका इलाज नारदीगंज पीएचसी में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए खेत में मौजूद लोग एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में सभी आ गए।


मृतकों की पहचान शंभू कुमार (45 वर्ष), पिता स्व. चंद्रिका यादव, मदन राजवंशी (50 वर्ष), पिता मुनेश्वर राजवंशी, भुवनेश्वर राजवंशी (50 वर्ष), पिता दुखन राजवंशी तथा सोनू कुमार (12 वर्ष), पिता मिथिलेश प्रसाद के रूप में हुई है।


वहीं, घायल महिलाओं की पहचान सुनीता देवी (पति स्व. गोविंद यादव) और शोभी देवी (पति ललित यादव) के रूप में हुई है। दोनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नारदीगंज में उपचार जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।


हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।


प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बारिश एवं वज्रपात के दौरान पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने तथा सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक जिले में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


KDL News


#Nawada #Lightning #Narhat #Nardiganj #Sangovar #BiharNews #BreakingNews #WeatherAlert #KDLNews #Vajrapat #RainAlert #NawadaNews

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ