नवादा के वारिसलीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूटकांड का 5 घंटे में खुलासा, साइबर ठग भी गिरफ्तार


नवादा के वारिसलीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूटकांड का 5 घंटे में खुलासा, साइबर ठग भी गिरफ्तार

नवादा: वारिसलीगंज पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर लूटकांड का महज पांच घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं देर रात विशेष अभियान चलाकर एक साइबर ठग को फर्जी सिम और मोबाइल के साथ दबोचा गया।

5 घंटे में लूटकांड का खुलासा

20 जुलाई 2026 को बलवापर निवासी विपिन कुमार ने वारिसलीगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 15 जुलाई की रात अलीगंज स्थित अपने किचन किंग फैमिली रेस्टोरेंट से लौटने के दौरान लोदीपुर और मोसमा के बीच बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर लूटपाट की।

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 503/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज पांच घंटे के भीतर नामजद आरोपी शिवम कुमार (पिता- मनी सिंह), निवासी ठेरा, थाना वारिसलीगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट की राशि में से 1,000 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वारिसलीगंज थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फर्जी सिम के साथ साइबर ठग गिरफ्तार

इसी क्रम में 21 जुलाई की मध्य रात्रि साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर गोड़ापर गांव में मिथुन रविदास के घर के समीप छापेमारी कर पुलिस ने अविनाश कुमार (21 वर्ष), पिता कैलाश मांझी, निवासी गोड़ापर को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक फर्जी सिम कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के नाम पर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी ग्राहकों के नाम, पता और मोबाइल नंबर जैसे उपलब्ध डाटा का उपयोग कर उनसे संपर्क करता और प्रोसेसिंग शुल्क सहित अन्य बहानों से पैसे ठगता था।

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

दोनों मामलों में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सराहनीय कार्य किया। लूटकांड के खुलासे में अखिलेश्वर सिंह एवं मनोज कुमार राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि साइबर अपराध के मामले में कुमारी शशिकला सिन्हा, मनोज कुमार राय तथा पप्पू कुमार ने छापेमारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

वारिसलीगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार अपराधियों पर हो रही सख्ती से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

— KDL News


#KDLNews #Nawada #Warisaliganj #BiharPolice #CyberCrime #LootCase #CrimeNews #BiharNews #PoliceAction #BreakingNews


 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ