जिलेभर में आयोजित सहयोग शिविरों में लाभुकों को मिले विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र


 जिलेभर में आयोजित सहयोग शिविरों में लाभुकों को मिले विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र

नवादा (KDL News): बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत मंगलवार को नवादा सदर प्रखंड की केना पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, केना में “सहयोग शिविर” का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि सहयोग शिविर आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की एक प्रभावी पहल है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा “सहयोग पोर्टल” भी शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत या आवेदन ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया।

इसी क्रम में सिरदला, गोविंदपुर, पकरीबरावां, कौआकोल, अकबरपुर, वारिसलीगंज, रजौली, नरहट, हिसुआ, मेसकौर, रोह, नारदीगंज एवं काशीचक प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में भी सहयोग शिविर आयोजित कर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन किया गया तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

नगर परिषद नवादा, वारिसलीगंज, हिसुआ तथा नगर पंचायत रजौली के विभिन्न वार्डों में भी आयोजित सहयोग शिविरों में नागरिकों को सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं लाभुक उपस्थित रहे।

— KDL News

#KDLNews #Nawada #Bihar #SahyogShivir #SaatNishchay3 #BiharGovernment #RaviPrakash #AbhinavDhiman #PublicService #GovernmentSchemes #RationCard #SocialSecurityPension #JanSeva #GoodGovernance #BiharNews #Development #Panchayat #CitizenServices #ApprovalLetter #NawadaNews


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ