नवादा: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी लिखित शिकायत | KDL News
नवादा। नवादा शहर में शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक दुष्कर्म करने और बाद में निकाह से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता (23 वर्ष), निवासी मुस्लिम रोड, कुरैशी मोहल्ला, नवादा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्ष 2019 से आरोपी मोहम्मद नवाब खां ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आवेदन के अनुसार, पहली घटना 12 मार्च 2019 को हुई, जब वह घर पर अकेली थी।
पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने परिवार के साथ थाना में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी, तब रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोककर निकाह कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शिकायत के मुताबिक, हाल ही में आरोपी विदेश से लौटकर नवादा आया। उसने पहले निकाह की बात कही, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी, जिसमें निकाह कराने की सहमति बनी थी।
पीड़िता का आरोप है कि तय तारीख को जब वह निकाह के लिए आरोपी के घर पहुंची, तब आरोपी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज की, निकाह से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने अपने आवेदन में चार लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का पक्ष:
नगर थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी। आरोपी पक्ष का बयान फिलहाल सामने नहीं आया है।
#KDLNews #Nawada #Bihar #CrimeNews #NawadaPolice #BreakingNews #Justice #BiharNews

0 टिप्पणियाँ