विश्व जनसंख्या दिवस पर नवादा में जागरूकता रैली, परिवार नियोजन मेला एवं प्रेस वार्ता आयोजित KDL News


 विश्व जनसंख्या दिवस पर नवादा में जागरूकता रैली, परिवार नियोजन मेला एवं प्रेस वार्ता आयोजित

11 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा, सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, नवादा द्वारा परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर जागरूकता रैली, परिवार नियोजन मेला एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा की छात्राओं ने जागरूकता रैली के माध्यम से छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व का संदेश दिया। वहीं सदर अस्पताल में आयोजित परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. विनोद चौधरी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता आजाद ने किया, जहां पात्र दंपतियों को परिवार नियोजन की निःशुल्क सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।

सिविल सर्जन ने बताया कि 11 से 31 जुलाई 2026 तक जिले में विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी एवं अन्य परिवार नियोजन सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी।

उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं की सुरक्षा तथा परिवार की आर्थिक-सामाजिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। इस वर्ष नवादा जिले को 1,250 महिला बंध्याकरण एवं 90 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य मिला है। अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल में 16 महिला बंध्याकरण ऑपरेशन के साथ हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ