नवादा: शौच का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा, सदर अस्पताल से विचाराधीन कैदी फरार
नवादा: नवादा सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से एक विचाराधीन कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार बंदी की पहचान धमौल थाना क्षेत्र निवासी अलाउद्दीन के पुत्र असगर मलिक उर्फ दारा के रूप में हुई है। वह चोरी के एक मामले में न्यायिक हिरासत में नवादा मंडल कारा में बंद था।
जानकारी के अनुसार, जेल में तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने की शिकायत के बाद गुरुवार को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उसका सीटी स्कैन कराया गया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई। इसके बाद उसने शौच जाने की बात कही और इसी दौरान पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया।
कैदी के फरार होते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कराई। फुटेज में कैदी वार्ड से निकलकर तेजी से भागता दिखाई देता है, जबकि उसके पीछे एक पुलिसकर्मी भी दौड़ता नजर आता है। इसके बावजूद कैदी अस्पताल से बाहर निकलने में सफल रहा।
फिलहाल पुलिस फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अस्पताल से दूसरी बार कैदी के फरार होने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#KDLNews #Nawada #BreakingNews #SadarHospital #UndertrialPrisoner #BiharNews #Police #CrimeNews #NawadaPolice


0 टिप्पणियाँ