पांच दिवसीय प्रशिक्षण से शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार
नवादा: बिहार शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नवादा में आयोजित पांच दिवसीय आवासीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण में कक्षा 3 से 5 तक के नामित शिक्षकों के साथ मॉडल स्कूल के शिक्षकों ने भी भाग लिया। नव विकसित परीक्षण मॉड्यूल पर आधारित इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को सरल, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई, ताकि वे विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से शिक्षित कर सकें।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। अब प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नई तकनीकों और नवीन शिक्षण विधियों के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान बिहार शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना के उप निदेशक ने ऑनलाइन जुड़कर प्रशिक्षु शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने पूरे बिहार में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा शिक्षकों से प्रशिक्षण संबंधी फीडबैक भी प्राप्त किया।
शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण बेहद प्रेरणादायक और उपयोगी रहा। इससे शिक्षण कार्य अधिक प्रभावी होगा तथा शिक्षकों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
प्रशिक्षण में सुभाष कुमार, चक्रवर्ती सुशील, जयपाल कुमार, अविनाश कुमार निराला, धर्मेंद्र कुमार, जयकरण प्रसाद, कृष्णानंद प्रसाद, अंजलि प्रिया, विनीता कुमारी, राजो कुमारी सहित दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

0 टिप्पणियाँ