भाई-बहन ने एक साथ NEET 2026 में पाई सफलता, परिवार में खुशी का माहौल
नवादा: जिले के वारिसलीगंज प्रखंड अंतर्गत मकनपुर स्थित अपने नाना एवं भट्ठा संचालक पप्पू सिंह के संरक्षण में रहकर राजस्थान के कोटा में पढ़ाई करने वाले पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव निवासी रवि रंजन कुमार एवं शोभा कुमारी के पुत्र रितेश कुमार तथा पुत्री ऋचा कुमारी ने NEET-UG 2026 में एक साथ सफलता हासिल कर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रितेश कुमार ने 720 अंकों की परीक्षा में 655 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1160 तथा EWS रैंक 87 हासिल की। वहीं उनकी बहन ऋचा कुमारी ने 622 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 4685 एवं EWS रैंक 457 हासिल की। दोनों भाई-बहन की इस शानदार उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्र में गर्व की भावना है।
पिता रवि रंजन कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा वारिसलीगंज में हुई, जबकि कक्षा 6 से 12वीं तक की पढ़ाई राजस्थान के कोटा स्थित एलेन संस्थान से की। दोनों ने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है और अब डॉक्टर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
उन्होंने बताया कि वे व्यवसायी हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी हैं। बच्चों की सफलता में नाना पप्पू सिंह के आर्थिक सहयोग, माता-पिता की दृढ़ इच्छाशक्ति और कोटा में रहकर वर्षों तक की गई मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
दोनों भाई-बहन की इस उपलब्धि पर वारिसलीगंज एवं पकरीबरावां प्रखंड के बुद्धिजीवियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों तथा परिवारजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

0 टिप्पणियाँ