गुप्त तहखानों वाली कार से 124 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
गुप्त तहखानों वाली कार से 124 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
नवादा: जिले के रजौली थाना क्षेत्र में बिहार-झारखंड सीमा स्थित चित्रकोली उत्पाद जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान 124.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब झारखंड की ओर से बिहार में प्रवेश कर रही एक लग्जरी कार में छिपाकर ले जाई जा रही थी।
जांच के दौरान WB38U5009 नंबर की कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए कई गुप्त तहखाने मिले, जिनमें विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। कार में शराब छिपाने के तरीके को देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई।
उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी अमृत गुप्ता ने बताया कि शराब के साथ नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं गांव निवासी राहुल पासवान (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में राहुल पासवान ने बताया कि कार उसे ‘चांद’ नाम के व्यक्ति ने झारखंड के बरकट्ठा में दी थी और इसे बिहार तक पहुंचाने के लिए कहा गया था। आरोपी ने पूछताछ के दौरान चांद का मोबाइल नंबर भी उत्पाद विभाग को उपलब्ध कराया है। अब पुलिस और उत्पाद विभाग मोबाइल नंबर के आधार पर मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
उत्पाद विभाग ने शराब और कार को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, चित्रकोली चेकपोस्ट पर झारखंड से बिहार आने वाले वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है, ताकि शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें