नवादा में 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन करेंगे नेतृत्व
नवादा में 12 अगस्त को निकलेगी भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’, प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन करेंगे नेतृत्व
नवादा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नवादा में 12 अगस्त 2026 को ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री-सह-नवादा जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन करेंगे।
तिरंगा यात्रा प्रातः 10 बजे जिला अतिथि गृह, नवादा से शुरू होकर अम्बेदकर पार्क (कलेक्ट्रेट गेट) तक जाएगी।
इस यात्रा में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, युवा, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, स्काउट एवं गाइड, जीविका दीदियां, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत देशवासियों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा विभिन्न तिरंगा आधारित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें, अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखें।
प्रशासन ने युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 12 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें