हिसुआ बाजार में विशेष यातायात अभियान, ₹22 हजार का शमन शुल्क वसूल
हिसुआ बाजार में विशेष यातायात अभियान, ₹22 हजार का शमन शुल्क वसूल
नवादा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में परिवहन टीम ने हिसुआ बाजार में सुगम यातायात एवं व्यवस्थित वाहन परिचालन को लेकर विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान हिसुआ मुख्य बाजार एवं चौक पर यत्र-तत्र वाहन रोककर यात्रियों को बैठाने, अनियमित वाहन परिचालन, अवैध पार्किंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों एवं बस मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल ₹22,000 की राशि शमन शुल्क के रूप में वसूल की गई।
नवनिर्मित बस स्टैंड से वाहन चलाने का निर्देश
कार्रवाई के दौरान वाहन स्वामियों एवं बस संचालकों को नवनिर्मित बस स्टैंड से ही वाहनों का परिचालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चौक के पास स्थित पुराने बस स्टैंड पर वाहन पार्किंग नहीं करने को कहा गया, ताकि मुख्य बाजार एवं चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया जा रहा अतिक्रमण
माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के आलोक में नवादा जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन के सहयोग से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान नहरपर, अमीपुर एवं ओढ़नपुर में किए गए स्थायी अतिक्रमण एवं संरचनाओं को भी हटाया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण से मुक्त रखने तथा आमजनों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें