बासोचक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 97.75 लीटर विदेशी शराब बरामद
बासोचक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 97.75 लीटर विदेशी शराब बरामद
छापेमारी की भनक लगते ही धंधेबाज फरार, शराब तस्करों की तलाश में लगातार दबिश
KDLNews | नवादा। अवैध शराब के खिलाफ नवादा जिले के वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बासोचक गांव के पास से 97.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब के धंधे में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 09 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बासोचक गांव के पास कुछ लोग अवैध विदेशी शराब रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बासोचक के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद शराब के धंधे में शामिल लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
117 बोतल रॉयल स्टैग और 20 कैन कार्ल्सबर्ग बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 117 बोतलें तथा 500 एमएल की कार्ल्सबर्ग बीयर की 20 बोतलें/कैन शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 97.75 लीटर बताई गई है।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपितों की तलाश जारी
मामले को लेकर वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 565/26, दिनांक 09.08.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में संलिप्त आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुअनि सुशील कुमार, परि. पुअनि मनोज कुमार राय तथा पुसअनि मो. मंजर धुनिया शामिल रहे।
KDLNews | नवादा की हर बड़ी खबर सबसे पहले















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें