वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर पंचायत जनप्रतिनिधियों का जागरूकता कार्यक्रम
नवादा, 25 अगस्त 2026: वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए Sensitization and Awareness Programme का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों तक आवश्यक जानकारी और सहायता पहुंचा सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्री अमरनाथ कुमार ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। उनकी देखभाल एवं भरण-पोषण सुनिश्चित करना परिवार की जिम्मेदारी के साथ-साथ कानूनी दायित्व भी है।
उन्होंने बताया कि भरण-पोषण से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रावधानों के तहत अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में आवेदन किया जा सकता है। यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को परिवार के सदस्यों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है या उनका उचित भरण-पोषण नहीं किया जाता है, तो वे संबंधित प्राधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राप्त कर सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ पहल करें और जरूरतमंद बुजुर्गों को उचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 के संबंध में भी जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ नागरिकों को हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता, मार्गदर्शन एवं परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित करें।
स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, योग एवं व्यायाम के महत्व के साथ-साथ उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, आंख एवं दांत से संबंधित समस्याओं की नियमित जांच कराने के लिए जागरूक करने की बात कही गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड के संबंध में भी जानकारी दी गई।
वित्तीय एवं बैंकिंग सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। वरिष्ठ नागरिकों को OTP, ATM PIN, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी या मोबाइल पर प्राप्त सत्यापन कोड किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक एवं फोन कॉल से सावधान रहने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्र के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं और लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सहयोग दें।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक परामर्श के संबंध में जानकारी दी। जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए उचित मार्गदर्शन देने की अपील की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मानजनक जीवन एवं कल्याण सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
KDL News | नवादा















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें