नवादा में झूलते बिजली के तार ने उजाड़ा परिवार, करंट लगने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत
नवादा में झूलते बिजली के तार ने उजाड़ा परिवार, करंट लगने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत
नवादा: नवादा जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत परनाडाबर थाना क्षेत्र के परनाडाबर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली के करंट की चपेट में आने से मां और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी राजेश मांझी की पत्नी करीब 25 वर्षीय रानी देवी की तीन वर्षीय बेटी दुलारी कुमारी घर के पास सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार नीचे झूल रहा था। खेलते समय मासूम ने तार को छू लिया और करंट की चपेट में आ गई।
बेटी को करंट से बचाने के लिए रानी देवी दौड़कर पहुंचीं और उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद करीब पांच वर्षीय बेटे ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली आपूर्ति बंद कराई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर परनाडाबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना अध्यक्ष हरिकांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📰 KDL News | नवादा, बिहार















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें