पकरीबरावां में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी, जांच टीम पहुंचते ही कुछ संचालक फरार
पकरीबरावां, नवादा। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर बुधवार को पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पकरीबरावां के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिभूषण कुमार की देखरेख में की गई।
जांच टीम ने क्षेत्र के अलग-अलग अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों और सेंटर से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान टीम ने सेंटरों की गतिविधियों का जायजा लिया और जरूरी जानकारी जुटाई।
बताया गया कि जैसे ही कुछ अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों को जांच टीम के पहुंचने की भनक लगी, उन्होंने अपनी-अपनी दुकान का शटर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिभूषण कुमार ने छापेमारी अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया गया है। जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों द्वारा जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट: | KDL News















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें