कौआकोल। नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड अंतर्गत सरौनी पंचायत के प्रभानगर नइकाडीह गांव में 18 वर्षीय विवाहिता सुबिता कुमारी, पति गोलू कुमार चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और मछली में जहर मिलाकर खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, सुबिता की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और कुछ दिनों से उसकी सास एवं ससुर उसके साथ मारपीट कर रहे थे तथा किसी से बातचीत करने से रोकते थे।
परिवार का दावा है कि घटना की रात सुबिता को मछली में जहर मिलाकर खिलाया गया। तबीयत बिगड़ने और उल्टी होने के बाद उसकी गोतनी ने मायके वालों को फोन कर बेटी को ले जाने के लिए कहा। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो सुबिता की मौत हो चुकी थी।
मृतका के परिजनों ने बताया कि शादी के समय एक अपाची बाइक, एक भर सोना और ₹5 लाख नकद दिया गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतका की सास सबो देवी को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
KDL News | नवादा















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें