हिसुआ के प्रणय हत्याकांड में सियासी हलचल तेज, पूर्व सांसद समेत जदयू-रालोमो नेताओं ने की परिजनों से मुलाकात
नवादा: हिसुआ के प्रणय हत्याकांड में सियासी हलचल तेज, पूर्व सांसद समेत जदयू-रालोमो नेताओं ने परिजनों से की मुलाकात- नवादा। हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचू गढ़ मोहल्ले में हुए प्रणय कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
- प्रतिनिधिमंडल में जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, दरभंगा के जदयू विधायक राजेश मंडल उर्फ ईश्वर मंडल, जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद, जदयू प्रदेश सचिव राजीव रंजन पटेल और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी शामिल रहे।
- बाइक सटने के बाद शुरू हुआ था विवाद
- बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे टीएस कॉलेज के पास प्रणय कुमार भारती की बाइक एक बुलेट और स्कॉर्पियो से सट गई थी। इसके बाद मामूली कहासुनी हुई और मामला शांत हो गया था।
- आरोप है कि कुछ देर बाद बगोदर गांव की ओर से करीब 20 से 30 हथियारबंद युवक दो चारपहिया वाहनों—ब्रेजा और स्कॉर्पियो—तथा एक बुलेट पर सवार होकर पांचू गढ़ मोहल्ले में पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।
- फायरिंग की घटना में शिक्षक मनीष भारती के पुत्र 24 वर्षीय बीए पार्ट-1 के छात्र प्रणय कुमार भारती की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के चंदन कुमार और अखिलेश कुमार के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
- घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव रखकर हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग को करीब 5 से 7 घंटे तक जाम रखा। पुलिस ने मौके से ब्रेजा, स्कॉर्पियो और बुलेट को जब्त किया है। बताया गया कि आक्रोशित लोगों ने वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
- एसआईटी गठित, पुलिस कार्रवाई पर नजर
- मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और एसपी अभिनव धीमान के हिसुआ पहुंचने की बात कही गई है। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश दिया गया है।
- नेताओं ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई
- पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान नेताओं ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने घटना को दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार कानूनी प्रक्रिया के तहत दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
- प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि टीम ने परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है और इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष रखी जाएगी।
- नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि यदि मुख्य आरोपी सीसीए का अभियुक्त है, तो वह खुलेआम घूमकर ऐसी घटना को कैसे अंजाम दे रहा था। उन्होंने कहा कि एसआईटी का गठन किया जा चुका है और फरार आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया गया।
- इस मौके पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिलाध्यक्ष विनय कुशवाहा, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष जीवन लाल चंद्रवंशी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, मोहन चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव मुसाफिर कुशवाहा, जदयू नेत्री शोभा देवी, मनोज कुशवाहा, अरविंद चंद्रवंशी, रवि चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।
- KDL News | नवादा















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें