नवादा: रजौली चेकपोस्ट पर XUV 500 से 432 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
नवादा/रजौली। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नवादा जिले के समेकित जांच चौकी, रजौली पर गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान एक महिंद्रा XUV 500 से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार को वाहन संख्या JH10AG/9100 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की कुल 432.360 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद होने की बात बताई गई।
बरामद शराब का विवरण
ओल्ड हैबिट व्हिस्की: 375 ML की 600 बोतल — 225 लीटर
रॉयल चैलेंज व्हिस्की: 180 ML की 192 बोतल — 34.560 लीटर
लंदन बेवरेजेज जॉर्ज विलियम व्हिस्की: 180 ML की 960 बोतल — 172.800 लीटर
कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन कुमार कसेरा (लगभग 24 वर्ष), पिता राम प्रवेश कसेरा, निवासी धोबी मोहल्ला, रमुआ, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है।
जप्त वाहन और शराब को कब्जे में लेकर मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निरीक्षक मद्यनिषेध अमृत कुमार गुप्ता के अनुसार, सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से XUV वाहन में शराब लाकर बिहार में खपाने की कोशिश की जा रही है। सूचना के आधार पर रजौली चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें यह बरामदगी हुई। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें