नवादा में नशामुक्त बिहार अभियान का सीधा प्रसारण, डीएम और एसपी की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
नवादा में नशामुक्त बिहार अभियान का सीधा प्रसारण, डीएम और एसपी की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
नवादा, बिहार। नशामुक्त बिहार अभियान के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नवादा स्थित केएलएस कॉलेज के स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी लोगों से नशामुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही नशीले पदार्थों से संबंधित सरकारी कानूनों एवं नियमों का पालन करने और जीवन में स्वस्थ एवं सकारात्मक मूल्यों को अपनाने की शपथ ली गई।
प्रतिभागियों ने समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया। उन्होंने अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।
गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा नशामुक्ति अभियान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार का सपना तभी पूरा हो सकता है, जब समाज नशे से दूर रहेगा। उन्होंने नशामुक्त बिहार अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक, चौपाल और पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सभी लोगों से नशामुक्ति अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, गोपनीय शाखा प्रभारी, उत्पाद अधीक्षक, नगर परिषद नवादा के कार्यपालक पदाधिकारी, केएलएस कॉलेज की प्राचार्या सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
KDL News | नवादा की खबरें, सबसे पहले।















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें